देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्षों में प्रदेश में तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। प्रदेश में अभी नैनीताल जिले के हल्द्वानी, पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं।
प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार और युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई का मौका देने के लिए सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। वहीं, रुद्रपुर में भी मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुका है, जल्द यहां भी 100 एमबीबीएस सीटों का आवंटन हो जाएगा। प्रदेश में अभी छह राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें हैं। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की 100 सीटें जुड़ने से सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में चार निजी मेडिकल कॉलेजों की 900 और एम्स ऋषिकेश की 125 सीटों को जोड़कर कुल एमबीबीएस सीटों का आंकड़ा बढ़कर 1700 तक पहुंच रहा है।
