देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित चुनावी कार्यक्रम की चर्चाओं के बीच इस बार फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, जनवरी के अंतिम सप्ताह यानी 27 से 30 जनवरी के बीच प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। वहीं, पांच से दस मार्च के बीच मतदान कराए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है। हालांकि, चुनाव कार्यक्रम को लेकर अभी निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
चुनाव कार्यक्रम में संभावित बदलाव की प्रमुख वजह फरवरी और मार्च में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को माना जा रहा है। इस अवधि में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र (आईसीएसई) और उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में निर्वाचन आयोग के सामने चुनाव और परीक्षाओं की व्यवस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करना महत्वपूर्ण होगा। दरअसल, विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के सरकारी स्कूलों के भवनों का इस्तेमाल मतदान केंद्रों के रूप में किया जाता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी भी चुनावी प्रक्रिया में लगाई जाती है। दूसरी ओर, बोर्ड परीक्षाओं के लिए भी स्कूल भवनों और शिक्षकों की आवश्यकता होती है। ऐसे में दोनों व्यवस्थाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए चुनाव की तारीखों का निर्धारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी को देखते हुए जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने और मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने का संभावित कार्यक्रम चर्चा में है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से भी 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू होने की संभावना से जुड़ा प्रस्ताव सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा। गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आठ जनवरी को आचार संहिता लागू हुई थी। वहीं, आगामी चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में भी मतदान कार्यक्रम में बदलाव की संभावनाएं जताई जा रही हैं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान कराया गया था,
