रौतारा (कटिहार, बिहार)। कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से 150 ग्राम स्मैक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है। मामले में कार सवार तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार रौतारा थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने टोल प्लाजा के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 150 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि जिस कार से मादक पदार्थ बरामद किया गया, उस पर वार्ड पार्षद का प्लेट लगा हुआ था। इस संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन का वास्तविक स्वामित्व किसके नाम है और प्लेट का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से प्रमिला ठाकुर (50), प्रशांत उर्फ बिट्टू (32), नवनीत कुमार राज (36) और शाहिद जिया को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, उसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों और खेप को कथित तौर पर कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
