देहरादून। देहरादून में राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक की। उन्होंने निर्माण और अन्य जरूरी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जो कार्य समानांतर रूप से किए जा सकते हैं, उन्हें साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि कुंभ से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें।
मुख्य सचिव ने कुंभ क्षेत्र में साइनेज पर क्यूआर कोड के जरिए श्रद्धालुओं को स्थलों की ऐतिहासिक और धार्मिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी के लिए समर्पित ऐप तैयार करने पर भी विचार किया गया। उन्होंने अस्थायी पुलों का निर्माण नवंबर के अंत तक पूरा करने, पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने और वैकल्पिक मार्ग समय से तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया।
