मोहनिया में 367 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

मोहनिया (बिहार)।  बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत मोहनिया पुलिस ने पटना मोड़ के समीप एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए।

मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि नियमित गश्ती एवं वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम को पटना मोड़ पर एक संदिग्ध ग्रे रंग की टाटा नेक्सन कार खड़ी मिली। संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें से लगभग 367 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर एवं वाहन चालक मौके का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि बरामद वाहन चोरी का हो सकता है। वाहन पर बिहार (BR) रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि तलाशी के दौरान उसके भीतर से दिल्ली (DL) नंबर की एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि तस्करों द्वारा पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया गया था।

जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 4 से 4.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किस मार्ग से लाई गई थी और इसे कहां खपाया जाना था।

इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई एवं अनुसंधान में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *