पटना। राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित बिस्कोमान भवन में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग भवन की 13वीं मंजिल पर स्थित बेल्ट्रॉन के कार्यालय में लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगते ही धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे भवन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भवन में मौजूद लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक मशीन से लैस पांच विशेष दमकल वाहनों सहित कुल 12 फायर टैंकरों को लगाया गया। ऊंची इमारत होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दमकलकर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कार्यालय में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
