बरौनी। बेगूसराय के बरौनी रिफाइनरी गेट नंबर-1 के बाहर मुआवजे की मांग को लेकर शनिवार को मजदूरों का प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान सीआईएसएफ जवानों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मजदूर सड़क पर उतर आए।
जानकारी के अनुसार, 22 जून को हुए एक सड़क हादसे में रिफाइनरी से जुड़े एक मजदूर की मौत हो गई थी। प्रदर्शनकारी मजदूरों का आरोप है कि हादसे के बाद प्रबंधन ने मृतक की पत्नी के बैंक खाते में 17 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं किया गया।
मुआवजे की मांग को लेकर मजदूरों ने रिफाइनरी गेट नंबर-1 के सामने प्रदर्शन शुरू किया। इसी दौरान भीड़ को हटाने के प्रयास में सीआईएसएफ जवानों ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद नाराज मजदूरों ने रिफाइनरी के मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी आनंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन के बीच वार्ता कराई तथा मजदूरों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
हालांकि, मजदूरों का कहना है कि जब तक मृतक के परिजनों के खाते में मुआवजे की राशि जमा नहीं हो जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
