खगड़िया। खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करूआ मोड़ चौक पर मध्य रात्रि एक परिवार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना जयकांत पासवान के परिवार के साथ हुई, जो मूल रूप से खरैता गांव के रहने वाले हैं और पिछले कुछ वर्षों से करूआ मोड़ चौक पर मकान बनाकर रह रहे थे। इसी मकान में देर रात हमला हुआ।
हमले में जयकांत पासवान की विवाहित पुत्री अर्चना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जयकांत पासवान, उनकी पत्नी पार्वती देवी और 8 वर्षीय नातिन परी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। सभी घायलों को पहले चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के पीछे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका के परिजन ने बताया कि परिवार की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और घटना ने पूरे परिवार को हिला दिया है। पुलिस अधिकारी मुकुल रंजन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
