यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन

कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि सावित्री देवी का निधन पंचूर गांव स्थित उनके आवास पर हुआ। उनकी तबीयत को देखते हुए चिकित्सक को भी बुलाया गया था। जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने भी इस दुखद समाचार की पुष्टि की। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में माता के निधन की जानकारी दी।

सावित्री देवी पिछले कई वर्षों से अपने पैतृक गांव पंचूर में रह रही थीं। वह गृहिणी थीं और सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करती थीं। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उनका समय-समय पर उपचार भी कराया जा रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म 5 जून 1972 को पौड़ी गढ़वाल जिले की यमकेश्वर तहसील के पंचूर गांव में हुआ था। उनका मूल नाम अजय मोहन सिंह बिष्ट है। वह चार भाइयों में दूसरे स्थान पर हैं। उनके परिवार में कुल सात भाई-बहन हैं। उनके पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे, जिनका 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। सावित्री देवी ने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए बच्चों के लालन-पालन और संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

योगी आदित्यनाथ के संन्यास लेने के बाद भी मां-बेटे का आत्मीय संबंध बना रहा। योगी आदित्यनाथ समय-समय पर अपने पैतृक गांव पहुंचकर माता से मुलाकात करते और उनका आशीर्वाद लेते रहे। उनके निधन से परिवार ने अपनी मुखिया को खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *