देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के सभी 12 हजार 543 मतदान केंद्रों का 10 दिन के भीतर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, रैंप और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। जर्जर भवनों में संचालित मतदान केंद्रों को आसपास के सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, आयु और अन्य विवरणों का सत्यापन कर त्रुटियां मिलने पर फॉर्म-8 भरने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 12 नवंबर 2026 से शुरू होगा। इसी दिन प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। दावे-आपत्तियों की सुनवाई 28 दिसंबर तक होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां शुरू
