कनॉट प्लेस में जारी प्रदर्शन के विरोध में सड़कों पर उतरे कारोबारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली का हृदय स्थल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में लगातार हो रहे राजनीतिक और सामाजिक विरोध प्रदर्शनों से स्थानीय व्यापारी बेहद परेशान और चिंतित हैं। प्रदर्शनों के कारण व्यापार पर सीधा असर पड़ा है। इसके विरोध में कारोबारी अब सड़कों पर उतर आए हैं।

व्यापारियों के मुताबिक, नवरात्र और दशहरे के दौरान त्योहारी सीजन में बिक्री में 200 से 250 फीसदी तक की बढ़ोतरी होती थी, लेकिन लगातार प्रदर्शनों के कारण बिक्री गिरकर महज 10 प्रतिशत पर आ गई है।

व्यापारियों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में दुकानदारों को 50% से 95% तक का नुकसान उठाना पड़ा है और कई दिन ऐसे भी रहे जब बोहनी तक नहीं हुई।

कारोबारियों का कहना है कि व्यापार ठप होने के बावजूद उनके फिक्स्ड खर्चे जारी हैं। उन्हें समय पर प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली-पानी के बिल, दुकानों के किराए और कर्मचारियों की तनख्वाह देनी पड़ रही है। साल के जिन 6 महीनों में पूरे वर्ष का खर्च निकलता है, यदि उन्हीं दिनों में कारोबार ठप रहेगा तो इस नुकसान की भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *