देहरादून। स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने और ड्रॉपआउट दर कम करने के उद्देश्य से 62 विद्यालयों का उच्चीकरण किया गया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा से इन विद्यालयों का वर्चुअल माध्यम से ई-लोकार्पण किया। उच्चीकृत विद्यालयों में अब बड़ी कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। इनमें 8 विद्यालयों को हाईस्कूल और 54 विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. रावत ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को उच्चीकृत विद्यालयों में फर्नीचर और शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही इंटरमीडिएट तक ड्रॉपआउट दर शून्य करने और हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
