देहरादून में 1500 से अधिक किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और छात्रों का किया सत्यापन

देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस ने नगर से लेकर देहात तक व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान मलिन बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, हॉस्टल, पीजी और होम स्टे में रह रहे 1500 से अधिक किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और छात्रों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे, प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 28 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। 

किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 147 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 14 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 23 व्यक्तियों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *