नरेंद्रनगर में 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शुभारंभ

टिहरी गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना की और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1974 से आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की लोक आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेला पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने टिहरी झील रिंग रोड, नरेंद्रनगर में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल और सीवर लाइन सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्ष 1974 में तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती की पहल से शुरू हुआ यह मेला आज जनसहभागिता के माध्यम से राज्यस्तरीय आयोजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन, खेल और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *