दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते सात मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद, फरीदाबाद के यात्रियों की बढ़ी परेशानी

दिल्ली। दिल्ली में शनिवार 10 अक्टूबर (आज) हो रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आज तड़के अंधेरे से ही पुलिस ने फरीदाबाद से गुजरने वाले मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी। पुलिस द्वारा तमाम दिल्ली जाने वाले वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है इसके चलते दिल्ली मेट्रो के संचालन पर भी असर पड़ा है। वायलेट लाइन के जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जंगपुरा और लाजपत नगर मेट्रो स्टेशनों प्रवेश और निकासी रास्ते बंद कर दिए गए है और शाम 6 बजे तक इनको बंद रखा जाएगा। फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो की ताजा एडवाइजरी जांचने और वैकल्पिक रास्ते की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

फरीदाबाद में दिल्ली बार्डर सहित दूसरे जिलों और राज्यों से लगते 8 जगहों पर पुलिस के नाके लगाए गए है। पुलिस के द्वारा गाड़ियों को चेक किया जा रहा है। कार से दिल्ली जा रहे युवाओं को वापस भेजा जा रहा है प्रदर्शन का केंद्र नई दिल्ली का जंतर-मंतर है। CJP और सहयोगी संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। आयोजकों ने करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा किया है। इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

CJP के प्रदर्शन के चलते फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली 7 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इंदौर से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12415 और इसकी वापसी सेवा 12416 शामिल है। इसके अलावा जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12189 और इसकी वापसी सेवा 12190 भी सूची में शामिल है। बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12247 और इसकी वापसी सेवा 12248 भी प्रभावित रहेगी। आगरा कैंट से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14211 भी सूची में शामिल है।इससे फरीदाबाद से दिल्ली और दूसरे शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले NTES पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *