उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ निवासी सोवेंद्र भंडारी को भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल टीम का कप्तान बनाया गया है। सोवेंद्र 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के नागोया में आयोजित होने वाले पांचवें एशियन पैरा गेम्स में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। उनके कप्तान बनने से उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।
इन दिनों केरल के कोच्चि में भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल टीम प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटी है। टीम में उत्तराखंड के चार खिलाड़ी शामिल हैं। जिसमें उत्तराखंड के नरेश सिंह नयाल टीम में सहायक कोच और गोलगाइड की भूमिका निभा रहे हैं। सोवेंद्र और नरेश दोनों इससे पहले वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी हिस्सा ले चुके हैं।
वर्ष 2015 में सोवेंद्र और नरेश भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल टीम का हिस्सा बनें। दोनों ने देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में प्रशिक्षण लिया है।
सोवेंद्र ने कप्तान की जिम्मेदारी के लिए अपने कोच, भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन, साथी खिलाड़ियों, परिवार और दोस्तों का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भारतीय टीम प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफल रहेगी।
