सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान के तहत 30 क्षेत्रों के विद्यालयों में बच्चों को किया जागरूक

देहरादून। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण को लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से आयोजित इस अभियान में जिला न्यायाधीश सहित 30 न्यायिक अधिकारी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक कर रहे हैं।

इसी क्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल ने मसूरी के विनबर्ग एलन स्कूल में आयोजित जागरूकता शिविर में करीब 500 विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, व्यक्तिगत सुरक्षा, असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान और जरूरत पड़ने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, साइबर सेल और विशेष किशोर पुलिस इकाई सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ भी विद्यार्थियों को जागरूक कर रहे हैं। बच्चों को बाल अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देने के साथ पोस्टर और पुस्तिकाएं भी वितरित की जा रही हैं। यह अभियान 26 से 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें किसी भी तरह के शोषण या असुरक्षित परिस्थिति में बिना डर के मदद मांगने के लिए प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *