उत्तराखंड में राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड में राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इन विद्यालयों के संपूर्ण कायाकल्प और संचालन व्यवस्था में व्यापक सुधार पर जोर दिया है। सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आवासीय सुविधाओं से युक्त संस्थानों के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। 

मुख्य सचिव ने विद्यालयों के संचालन के लिए सोसाइटी व्यवस्था विकसित करने, राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शासी निकाय और जिला स्तर पर जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियां गठित करने पर जोर दिया। उन्होंने सरकारी आवासीय विद्यालयों के प्रभावी संचालन और नियमित निगरानी के लिए कानूनी ढांचा तैयार करने के निर्देश भी दिए। 

मुख्य सचिव ने नियमित और समर्पित शिक्षकों के साथ स्थायी प्रधानाचार्यों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने से कम से कम एक माह पहले विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *