देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया। एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में दल ने 7 हजार 45 मीटर ऊंची माउंट मुकुट ईस्ट चोटी का सफल आरोहण किया। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7 हजार मीटर से अधिक ऊंची पर्वत चोटी का यह पहला सफल आरोहण है।
मुख्यमंत्री ने अभियान दल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का प्रतीक है। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के दौरान शिखर पर 2 हजार 500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज भी फहराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। इस तरह के अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।
अभियान दल के नेतृत्वकर्ता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल के वर्ष 2027 में स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह अभियान आयोजित किया गया। 15 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चले इस अभियान से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का अनुभव मिला।
