रुद्रप्रयाग। राइंका फाटा में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सीनियर डिविजन का विधिवत शुभारम्भ हो गया है। इस दौरान कमांडिंग ऑफिसर 4 यूके बटालियन एनसीसी पौड़ी के कर्नल देवेन्द्र सिंह के साथ सूबेदार ओम प्रकाश, हवलदार सुबोध प्रसाद, हवलदार संजय तथा हवलदार योगेश के विद्यालय में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान 40 सीटों पर छात्र-छात्राओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण कर पंजीकरण किया गया। कर्नल देवेन्द्र नेगी ने छात्र-छात्राओं को एनसीसी के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जीवन में अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों में अनुशासन का होना बहुत जरूरी है। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सीनियर डिविजन युवाओं को अनुशासित और देशभक्त नागरिक बनाने के लिए एक त्रि-सेवा संगठन है, जिसमें सेना, नौसेना और वायु सेना शामिल हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य शुभलक्ष्मी सेमवाल ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत व अभिनन्दन किया।
पीटीए अध्यक्ष जसपाल राणा ने एनसीसी प्रारम्भ करने के लिए पूरे विद्यालय परिवार को धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रवक्ता डीएस पंवार ने एनसीसी एसडी प्रारम्भ करने को लेकर किये गये विशेष प्रयासों पर आभार व्यक्त किया। एसएमसी अध्यक्ष अमित सेमवाल ने बताया कि आने वाले समय में छात्र-छात्राओं को इसका बहुत फायदा होगा। कार्यक्रम का संचालन डीएस पंवार ने किया।
इस अवसर पर प्रियंका राणा, डीपी सेमवाल, जगतसिंह बर्खाल, सतीश कुमार, केपी तिवारी सहित अन्य मौजूद थे।
