महिला पत्रकार के साथ कथित अभद्रता को बताया अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज से रोके जाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

गोदियाल ने कहा कि किसी महिला पत्रकार को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना और उसके साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से किसी पत्रकार को रोकने की नौबत क्यों आई? क्या सरकार और उसके नुमाइंदे पत्रकारों के सवालों से इतने असहज और भयभीत हैं कि अब उन्हें सवाल पूछने और कार्यक्रमों की कवरेज करने से भी रोका जाने लगा है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों का काम जनता से जुड़े सवालों को सामने लाना और सरकार से जवाब मांगना है। ऐसे में पत्रकारों के काम में बाधा डालना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

गोदियाल ने यह भी कहा कि श्रीनगर क्षेत्र, जिसका प्रतिनिधित्व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करते हैं, वहां एक महिला पत्रकार को इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, यह और भी चिंताजनक है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने तथा महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के सम्मान और पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें रोकना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *