इस वर्ष समय से काफी पहले मानसून की उत्तराखण्ड में दस्तक देने की उम्मीद

देहरादून। इस वर्ष उत्तराखण्ड में समय से काफी पहले मानसून आने के आसार बन रहे है। एक अनुमान के अनुसार  10 जून के बाद कभी भी मानसून दस्तक दे सकता है। इन दिनों प्री मानसून की वर्षा शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने माह का अंतिम सप्ताह वर्षा के साथ बीतने की संभावना जताई है। राज्य निदेशक डा. बिक्रम सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने 27 मई को मानसून केरल में पहुंचने की घोषणा कर दी थी। जिसमें पुनः संशोधन किया जा रहा है। केरल में मानसून पहुंच चुका है, इसकी घोषणा आइएमडी जल्द जारी कर देगा। जिसके फलस्वरूप उत्तराखंड में मानसून 10 जून के बाद कभी भी पहुंच सकता है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी।

राज्य में मानसून पहुंचने की तिथि 20 जून के आसपास मानी जाती है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते सतही स्तर पर नमी बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं को भरपूर नमी मिल रही है। जिस कारण बारिश की मात्रा में वृद्धि हो रही है। इन दिनों हो रही बारिश को प्री मानसून कहा जा सकता है। प्री मानसून की औपचारिक घोषणा होनी अभी बाकी है। बहरहाल आने वाले दिनों में मैदानी भागों में गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान सामान्य के करीब रहेंगे। जिसका क्रम आने वाले दिनों में जारी रहने वाला है। शनिवार से हल्की से मध्यम बारिश का दौर पुनः जारी होने की संभावना है, जो इस माह के अंत तक जारी रह सकता है। जिसका असर कुछ स्थानों में अधिक तो कहीं कम रहेगा। निदेशक डा. बिक्रम सिंह ने बताया कि मौसम के लिहाज से राज्य के पर्वतीय क्षेत्र अधिक संवेदनशील होने के नाते मौसम विभाग ने अनेक तकनीक व सुविधाएं ईजाद कर ली हैं, जो बादल फटने, अतिवृष्टि व तूफान की पूर्व जानकारी समय रहते दे सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *